पटना. बिहार की राजधानी पटना में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक जघन्य वारदात सामने आई है, जहाँ एक 26 वर्षीय युवक ने अपने 62 वर्षीय मामा की बीच सड़क पर चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी। घटना का एक चौंकाने वाला CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि आरोपी युवक करीब 10 सेकंड तक अपने मामा के साथ सामान्य रूप से पैदल चल रहा था। अचानक युवक ने चाकू निकालकर बुजुर्ग की गर्दन पर हमला कर दिया और महज 23 सेकंड के भीतर उन पर कई वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी के चेहरे पर कानून का कोई खौफ नहीं दिखा; वह हत्या के बाद पीछे मुड़ा, अपने बाल ठीक किए और बेहद इत्मीनान से टहलते हुए वहां से फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आरोपी की पहचान कर ली है। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज हत्या से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। फिलहाल, पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
