गिरिडीह. धनवार थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में हुई चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस ने जांच तेज करते हुए महत्वपूर्ण कार्रवाई की है. सरकारी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों से गायब हुए कुल 61 गैस सिलेंडर बरामद किए गए हैं. जानकारी के अनुसार, क्षेत्र से दो मोटरसाइकिल लेकर जा रहे संदिग्धों में से एक को ग्रामीणों ने पीछा कर पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया, जबकि दूसरा व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर निकल गया. पकड़े गए व्यक्ति से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने लालबाजार स्थित एक हार्डवेयर दुकान में छापेमारी की, जहां से गैस सिलेंडर बरामद हुए. दुकान संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की पहचान की प्रक्रिया जारी है.
