बोकारो. चास नगर निगम के नवनिर्वाचित मेयर भोलू पासवान ने शनिवार को अपनी जीत को जनता के विश्वास और विकास की जीत बताया है। जीत के बाद पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव अब समाप्त हो चुके हैं और अब बिना किसी भेदभाव के चास के हर वार्ड के विकास के लिए मिलकर काम करने का समय है। पासवान ने कहा कि उन्हें अपनी जीत पर पूरा भरोसा था क्योंकि वे निरंतर जनता के बीच रहे हैं। उन्होंने साफ किया कि उनकी प्राथमिकता चास को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करना, घर-घर शुद्ध पेयजल पहुंचाना और बेहतर अस्पताल व शिक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना है। उन्होंने विरोधियों पर तंज कसते हुए कहा कि जनता ने सिर्फ बयानबाजी करने वालों और ध्रुवीकरण की राजनीति करने वालों को पूरी तरह नकार दिया है।
