गिरिडीह. शहर के हुट्टी बाजार रविदास मोहल्ला में बीती रात डीजे बजाने को लेकर हुए खूनी संघर्ष और एक युवक की हत्या के विरोध में आज सुबह आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया. घटना की गंभीरता को देखते हुए नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू तुरंत मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा देकर जाम हटवाया. इसके बाद मंत्री सदर अस्पताल पहुंचे, जहाँ उन्होंने घटना में घायल अन्य लोगों से मुलाकात कर उनका हाल जाना. मंत्री ने इस घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. साथ ही, उन्होंने होली के दिन गद्दी मोहल्ला में पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज की घटना की भी कड़ी निंदा की और मामले की जांच कराकर दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया.
