पलामू. जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कबरा कला गांव में ‘बुढ़वा होली’ का जश्न उस वक्त मातम में बदल गया, जब एक 24 वर्षीय युवक आतिशबाजी के दौरान बुरी तरह झुलस गया. जानकारी के अनुसार, मनोज राम का पुत्र संदीप कुमार गुरुवार देर शाम ग्रामीणों के सामने आग का करतब दिखा रहा था. वह मुंह में ज्वलनशील तेल भरकर आग की लपटें निकाल रहा था, तभी तेल रिसकर उसके चेहरे और सीने पर गिर गया. जैसे ही उसने अगला करतब शुरू किया, आग की लपटों ने उसके शरीर को अपनी चपेट में ले लिया. देखते ही देखते युवक का चेहरा और सीना बुरी तरह झुलस गया. ग्रामीणों ने आनन-फानन में आग बुझाई और उसे हुसैनाबाद अस्पताल ले गए, जहाँ से गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच (MMCH) रेफर कर दिया गया है. फिलहाल युवक की हालत चिंताजनक बनी हुई है.
