दुमका. जिले के सरैयाहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-133 पर दिग्घी गांव के समीप शनिवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ. इस दुर्घटना में तेज रफ्तार मिनी ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गयी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक युवक बाइक समेत ट्रक के नीचे फंस गया और उसकी जान चली गयी. घटना की सूचना मिलते ही सरैयाहाट थाना प्रभारी राजेंद्र यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद ट्रक के नीचे फंसे शव को बाहर निकाला.
स्थानीय लोगों के मुताबिक दोनों युवक कोठिया हाट से अपने घर लौट रहे थे. उनके पास मौजूद झोले से दो जोड़ी कबूतर भी बरामद हुए हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वे हाट में खरीदारी करने गए थे. फिलहाल पुलिस ने मिनी ट्रक को जब्त कर लिया है और दोनों मृतकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है. घटना के बाद इलाके में मातम का माहौल है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गयी है.
