कोलकाता. राष्ट्रपति के आरोपों पर ममता बनर्जी का तीखा पलटवार, पीएम मोदी बोले- टीएमसी ने पार की सारी सीमाएं

नेशनल

कोलकाता. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के एक दिवसीय पश्चिम बंगाल दौरे को लेकर राज्य में सियासी घमासान तेज हो गया है. राष्ट्रपति द्वारा स्वागत में मुख्यमंत्री या किसी मंत्री के न आने पर हैरानी जताए जाने के बाद ममता बनर्जी ने उन पर सीधा हमला बोला है. ममता बनर्जी ने राष्ट्रपति पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें आदिवासियों के साथ-साथ अल्पसंख्यकों और वोटर लिस्ट से नाम काटे जाने के मुद्दों पर भी बोलना चाहिए था. मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि जब नक्सलवाद के नाम पर खून-खराबा होता था, तब ये लोग कहां थे. उन्होंने राष्ट्रपति से निवेदन किया कि वे ऐसा कुछ न बोलें जो उनके पद को शोभा नहीं देता.

ममता बनर्जी के इस बयान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए इसे शर्मनाक और अभूतपूर्व बताया. उन्होंने कहा कि टीएमसी सरकार ने सभी सीमाएं पार कर दी हैं और राष्ट्रपति का यह अपमान पूरे देश के लिए दुखद है. इससे पहले, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सिलीगुड़ी के पास एक सभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी को अपनी ‘छोटी बहन’ बताया था और कार्यक्रम स्थल बदलने व स्वागत में किसी बड़े जनप्रतिनिधि के न होने पर सवाल उठाए थे. राष्ट्रपति ने आशंका जताई थी कि शायद राज्य सरकार आदिवासियों का कल्याण नहीं चाहती, इसलिए लोगों को कार्यक्रम में आने से रोका गया. फिलहाल ममता बनर्जी ने अपने कार्यों का विवरण राष्ट्रपति को भेजने की बात कही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *