नई दिल्ली. केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने संसद में एक लिखित जवाब के माध्यम से देश की सुरक्षा और नशीले पदार्थों के खिलाफ की गई कार्रवाई का विस्तृत ब्योरा पेश किया. उन्होंने बताया कि साल 2017 से 2023 के बीच देश में कुल 1050 आतंकवादी घटनाएं रिपोर्ट की गईं. इस अवधि के दौरान सुरक्षा बलों ने कड़ा प्रहार करते हुए 687 आतंकवादियों को मार गिराया, जबकि 616 आतंकियों को गिरफ्तार किया गया. हालांकि, इन घटनाओं में देश के 288 सुरक्षाकर्मी शहीद हुए और 243 आम नागरिकों को भी अपनी जान गंवानी पड़ी. आंकड़ों के अनुसार, इसी दौरान 802 सुरक्षाकर्मी और 599 नागरिक घायल हुए.
नित्यानंद राय ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ दिल्ली पुलिस की मुस्तैदी का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि साल 2023 से 15 फरवरी 2026 तक ड्रग्स से जुड़े कुल 5,467 एफआईआर दर्ज की गई हैं और 7,134 लोगों की गिरफ्तारी हुई है. इस दौरान दिल्ली पुलिस ने लगभग 17,435 किलोग्राम ड्रग्स (चरस, अफीम, गांजा, हेरोइन आदि) जब्त किए हैं. इसके अलावा, पंजाब में ‘बॉर्डर एरिया डेवलपमेंट प्रोग्राम’ (BADP) के तहत 2355 विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं, जिस पर 230.9 करोड़ रुपये की लागत आई है. गृह राज्य मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि BADP अब अपने सनसेट फेज (अंतिम चरण) में है, इसलिए अब कोई नया प्रोजेक्ट मंजूर नहीं किया जा रहा है.
