बगदाद. ईरान के अंडरवॉटर ड्रोन हमले में अमेरिकी तेल टैंकर क्षतिग्रस्त, एक भारतीय नाविक की मौत, 15 सुरक्षित

नेशनल

बगदाद. इराक के बसरा के समीप फारस की खाड़ी में ईरान द्वारा किए गए एक बड़े हमले में अमेरिका के स्वामित्व वाले क्रूड ऑयल टैंकर ‘सेफसी विष्णु’ को निशाना बनाया गया है. इस हमले में जहाज पर तैनात एक भारतीय क्रू मेंबर की दुखद मौत हो गई है. बगदाद स्थित भारतीय दूतावास ने पुष्टि की है कि जहाज पर मौजूद अन्य 15 भारतीय सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया है. ईरानी सरकारी प्रसारक IRIB के अनुसार, ईरान ने इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए दावा किया है कि उसने अंडरवॉटर ड्रोन के जरिए दो तेल टैंकरों को तबाह किया है.

हमले की चपेट में ‘सेफसी विष्णु’ के अलावा माल्टा के झंडे वाला जहाज ‘जेफिरोस’ भी आया है. वहीं, कुछ रिपोर्टों में विस्फोटक लदी ‘सुसाइड बोट’ से टक्कर की आशंका भी जताई जा रही है. यह घटना दुनिया के सबसे व्यस्त शिपिंग रूट ‘होर्मुज जलडमरूमध्य’ में हुई है, जहां से वैश्विक तेल व्यापार का लगभग 31 प्रतिशत हिस्सा गुजरता है. इस रूट पर बढ़ते तनाव के कारण तेल की कीमतों में भारी उछाल आने की आशंका है, जिसका सीधा असर भारत और चीन जैसे ऊर्जा निर्भर देशों पर पड़ेगा.

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि भारतीय दूतावास पश्चिम एशिया में फंसे नागरिकों की सुरक्षा के लिए स्थानीय सरकारों के निरंतर संपर्क में है. अमेरिका और ईरान के बीच जारी इस जंग के 12वें दिन स्थिति और भी गंभीर हो गई है. अमेरिका ने जहां ईरान के 16 माइन-लेइंग जहाजों को नष्ट करने का दावा किया है, वहीं ईरान ने इस मार्ग से गुजरने वाले जहाजों को निशाना बनाने की अपनी धमकी दोहराई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *