पटना. बिहार में गैस किल्लत पर प्रशासन का सख्त रुख, पटना में आपूर्ति पदाधिकारियों की छुट्टी रद्द, सुपौल में अफवाहों से बचने की अपील

नेशनल

पटना/सुपौल. बिहार में रसोई गैस (LPG) की आपूर्ति को सुचारू बनाने और कालाबाजारी रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह रेस हो गया है. पटना जिला प्रशासन ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए जिले के सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों (BSO) और सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारियों (ADSO) की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी हैं. पटना डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि गैस सप्लाई चेन में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. प्रशासन की टीमें लगातार गैस एजेंसियों और डीलरों के ठिकानों पर छापेमारी और निरीक्षण कर रही हैं ताकि उपभोक्ताओं को निर्धारित दर पर समय से सिलेंडर मिल सके.

दूसरी ओर, सुपौल जिले में गैस की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर लगाम लगाते हुए डीएम सावन कुमार ने स्थिति स्पष्ट की है. उन्होंने कहा कि जिले में गैस सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है. डीएम ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे पैनिक बुकिंग न करें और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें. उन्होंने बताया कि बुकिंग के दो से तीन दिनों के भीतर सिलेंडर की डिलीवरी सुनिश्चित की जा रही है. सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे वितरण प्रणाली की निगरानी करें और यदि कहीं अधिक कीमत वसूलने या जमाखोरी की शिकायत मिलती है, तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *