कोडरमा. झारखंड के कोडरमा जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए चंदवारा थाना में पदस्थापित दारोगा पवन कुमार राम को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. हजारीबाग से आई एसीबी की टीम ने यह कार्रवाई दारोगा के सरकारी क्वार्टर में की. जानकारी के अनुसार, चंदवारा थाना क्षेत्र में हाल ही में अवैध शराब को लेकर हुई एक छापेमारी के मामले को मैनेज करने और आरोपी पक्ष को राहत देने के एवज में पुलिस की ओर से एक लाख रुपये की मांग की गई थी.
पीड़ित पक्ष ने इस मांग की जानकारी जेकेएलएम नेता प्रेम नायक को दी, जिनके माध्यम से हजारीबाग एसीबी कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई. एसीबी ने प्रारंभिक जांच में रिश्वतखोरी की पुष्टि होने के बाद गुरुवार को जाल बिछाया. जैसे ही दारोगा पवन कुमार राम ने 15 हजार रुपये की पहली किस्त स्वीकार की, पहले से मुस्तैद एसीबी की टीम ने उन्हें दबोच लिया. इस अचानक हुई कार्रवाई से थाना परिसर में हड़कंप मच गया. गिरफ्तारी के बाद टीम दारोगा को अपने साथ हजारीबाग ले गई है, जहां भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है. एसीबी ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी सरकारी विभाग में रिश्वत मांगे जाने पर तुरंत सूचना दें.
