आज बेगूसराय और शेखपुरा को मिलेगी करोड़ों की सौगात
बेगूसराय. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ‘समृद्धि यात्रा’ के तीसरे चरण का आज अंतिम दिन है. आज मुख्यमंत्री बेगूसराय और शेखपुरा जिले के दौरे पर रहेंगे, जहां वे करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे. हालांकि, बेगूसराय पहुंचने से पहले ही वहां सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक सामने आई. सीएम के आगमन के लिए बनाए गए हेलीपैड पर अचानक एक आवारा बैल घुस गया. बैल ने वहां तैनात पुलिसकर्मियों को दौड़ा दिया, जिससे अफरा-तफरी मच गई. स्थिति यह थी कि अपनी जान बचाने के लिए पुलिस के जवान वहां खड़ी फायर ब्रिगेड की गाड़ी पर चढ़ गए. काफी मशक्कत के बाद एंबुलेंस और पुलिस वाहनों की मदद से बैल को घेरा गया और हेलीपैड से बाहर खदेड़ा गया.
सुरक्षा की इस चूक के बीच मुख्यमंत्री बेगूसराय को 109 करोड़ रुपये की लागत वाली 189 योजनाओं की सौगात देंगे. इसके साथ ही वे 165 करोड़ रुपये की 211 योजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे. बेगूसराय के बाद मुख्यमंत्री शेखपुरा के लिए रवाना होंगे, जहां वे 144 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास और 62 करोड़ रुपये की योजनाओं का उद्घाटन करेंगे. इस यात्रा के दौरान दोनों उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा भी उनके साथ मौजूद रहेंगे. मुख्यमंत्री इस दौरान विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देंगे.
