औरंगाबाद. बिहार के औरंगाबाद जिले के ओबरा थाना अंतर्गत मंझियावा गांव में शनिवार की रात एक भीषण हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया. व्यास जी की पुत्री के विवाह समारोह में जयमाला की रस्म के दौरान एक मकान का छज्जा अचानक भरभरा कर गिर गया. इस दुर्घटना में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिलाओं और बच्चों समेत लगभग 40 लोग घायल हो गए. मृतकों की पहचान सत्यनारायण सिंह (62) और अखिलेश सिंह (52) के रूप में हुई है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जयमाला का कार्यक्रम अमोद सिंह के मकान के सामने हो रहा था. बेहतर नजारा देखने की होड़ में बड़ी संख्या में महिलाएं मकान के छज्जे पर खड़ी थीं, जबकि छज्जे के ठीक नीचे भी काफी लोग कुर्सियों पर बैठे थे. अधिक भार होने के कारण छज्जा अचानक नीचे बैठे लोगों पर गिर गया. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला.
सभी घायलों को तुरंत स्थानीय अस्पताल और सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को आईसीयू में भर्ती कराया गया है. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की. ग्रामीणों के अनुसार, मकान पुराना होने और क्षमता से अधिक लोगों के छज्जे पर चढ़ने के कारण यह दुखद हादसा हुआ. इस हृदय विदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है.
