दुमका. मसलिया में पारिवारिक कलह का खूनी अंजाम, दो सगी बहनों के बीच झगड़े से परेशान युवक ने पेड़ से लटककर दी जान

झारखंड

दुमका. झारखंड के दुमका जिले के मसलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत जामजोरी गांव में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. पहाड़िया टोला के पास एक कुरुंज के पेड़ से 35 वर्षीय विनोद मरांडी का शव फांसी के फंदे से लटकता पाया गया. घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है.

दो सगी बहनों से की थी शादी, अक्सर होता था विवाद: जानकारी के अनुसार, विनोद मरांडी की जिंदगी में पारिवारिक उलझनें उसकी मौत का कारण बनीं. विनोद ने 10 साल पहले पहली शादी की थी, जिससे उसका एक सात साल का बेटा है. बाद में उसने अपनी ही साली (पत्नी की छोटी बहन) से प्रेम विवाह कर लिया, जिससे उसकी तीन साल की एक बेटी है. पिछले कुछ महीनों से दोनों सगी बहनें (पत्नियों) के बीच अक्सर तीखी नोकझोंक होती रहती थी. शनिवार की रात भी ससुराल में दोनों बहनों और विनोद के बीच जमकर विवाद हुआ था, जिससे आहत होकर विनोद रात में ही घर से निकल गया और आत्मघाती कदम उठा लिया.

मसलिया थाना पुलिस के पदाधिकारी उमेश सिंकू ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक कलह और मानसिक तनाव का प्रतीत हो रहा है. ग्रामीणों ने बताया कि दो दिन पहले भी गांव के स्तर पर विवाद सुलझाने का प्रयास किया गया था, लेकिन झगड़ा शांत नहीं हुआ. फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि मौत के सटीक कारणों और किसी अन्य संभावित पहलू का पता लगाया जा सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *