गिरिडीह. शांतिपूर्ण माहौल में आगामी दिनों ईद और रामनवमी का त्योहार संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है. इसी कड़ी में आज मुफस्सिल थाना में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता एसडीएम श्रीकांत यशवंत विस्पुते ने की, जबकि बैठक में एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, सीओ जितेंद्र कुमार, मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, बीडीओ गणेश रजक समेत शांति समिति के तमाम सदस्य मौजूद रहे. बैठक के दौरान एसडीएम ने साफ लफ्जों में कहा कि किसी भी पर्व में डीजे किसी भी सूरत में नहीं बजेगा. डीजे पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा. उन्होंने कहा कि रामनवमी का अखाड़ा जिस रूट से गुजरता है, उसी रूट से निकलेगा. पूरे जुलूस में ड्रोन से नजर रखी जाएगी. बैठक के दौरान उपस्थित सदस्यों ने भी अपनी – अपनी बातों को साझा किया और प्रशासन से शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार संपन्न कराने में अपनी पूरी भागीदारी निभाने की बात कही.
