बीरभूम. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की तारीखों की घोषणा के महज तीन दिन बाद राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ी चुनौती सामने आई है. बीरभूम जिले के नलहाटी थाना अंतर्गत कदासिर गांव में ग्रामीणों की सूझबूझ से विस्फोटकों का एक विशाल जखीरा बरामद किया गया है. पुलिस ने मौके से एक ट्रैक्टर को जब्त किया है, जिसमें 10,000 जिलेटिन स्टिक और 360 डेटोनेटर लदे हुए थे. चुनाव से ठीक पहले इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है.
ग्रामीणों ने फिल्मी अंदाज में पकड़ा ट्रैक्टर: स्थानीय लोगों के अनुसार, रविवार देर रात कदासिर गांव की सड़क से एक संदिग्ध ट्रैक्टर गुजर रहा था. ग्रामीणों ने जब उसे रोकने का प्रयास किया, तो चालक ने रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की. पीछा करने पर जब ट्रैक्टर को पकड़ा गया, तो उसमें भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री देख लोग दंग रह गए. सूचना मिलते ही नलहाटी पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर सहित पूरी खेप को अपने कब्जे में ले लिया. हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर चालक और उसके सहयोगी भागने में सफल रहे.
सुरक्षा बलों ने बढ़ाई गश्त: इस बरामदगी के बाद केंद्रीय अर्धसैनिक बलों (Central Forces) ने बीरभूम और आसपास के सीमावर्ती इलाकों में गश्त तेज कर दी है. पुलिस इस एंगल से जांच कर रही है कि यह विस्फोटक किस राजनीतिक हिंसा या बड़ी साजिश को अंजाम देने के लिए ले जाया जा रहा था. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के निर्देश पर राज्य के चप्पे-चप्पे पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है.
गौरतलब है कि बंगाल में चुनाव के दौरान हिंसा का पुराना इतिहास रहा है, ऐसे में 10 हजार जिलेटिन स्टिक का मिलना सुरक्षा एजेंसियों के लिए खतरे की घंटी है. नलहाटी पुलिस अब ट्रैक्टर के मालिक और उसके रूट चार्ट के आधार पर तस्करों की तलाश में जुटी है.
