जहानाबाद. पटना के चर्चित शंभू गर्ल्स हॉस्टल में रहकर नीट (NEET) की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध मौत की गुत्थी सुलझाने पहुंची केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की टीम को गुरुवार को जहानाबाद में भारी विरोध का सामना करना पड़ा. डीएसपी विभा कुमारी के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम छात्रा के पैतृक गांव रतनी पहुंची थी, लेकिन परिजनों ने जांच में सहयोग करने से साफ इनकार कर दिया और टीम को घर में प्रवेश तक नहीं करने दिया.
परिजनों का आक्रोश और मां की नाजुक हालत: सीबीआई की टीम करीब 20 मिनट तक छात्रा के दरवाजे पर खड़ी रही, लेकिन परिवार के सदस्यों ने बातचीत से मना कर दिया. परिजनों का तर्क है कि बार-बार की पूछताछ के बावजूद अब तक जांच किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है.
-
स्वास्थ्य स्थिति: परिजनों ने बताया कि बेटी को खोने के गम में मां की शारीरिक और मानसिक स्थिति बेहद खराब है. वह बार-बार बेहोश हो रही हैं और सवाल-जवाब की स्थिति में नहीं हैं.
-
पिता से नहीं हो सकी मुलाकात: गांव से खाली हाथ लौटने के बाद टीम छात्रा के पिता के कार्यस्थल ‘प्लस टू प्रवेशिका विद्यालय शकूराबाद’ भी पहुंची, लेकिन वहां पहुंचने से कुछ मिनट पहले ही पिता वहां से निकल चुके थे. इसके बाद टीम को शकूराबाद थाने जाकर स्थानीय पुलिस से इनपुट साझा करने पड़े.
