जादूगोड़ा. मुसाबनी प्रखंड के राखा कॉपर पंचायत में संचालित क्रिजल स्टार्च प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की गतिविधियों पर जिला प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं. जिला 20 सूत्री सदस्य सुखो मुर्मू की शिकायत पर उपायुक्त (पूर्वी सिंहभूम) ने घाटशिला एसडीओ को स्थलीय जांच का निर्देश दिया है. कंपनी पर आरोप है कि वह इथेनॉल उत्पादन के लिए स्वर्णरेखा नदी से अवैध रूप से पानी निकाल रही है और बिना अनुमति संरक्षित वन क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाकर वन संरक्षण अधिनियम 1980 का उल्लंघन कर रही है. इससे स्थानीय किसानों की सिंचाई व्यवस्था और पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई गई है.
दूसरी ओर, राखा माइंस और आसनबनी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर बिछाई गई घटिया टाइल्स को लेकर विवाद गहरा गया है. भाजपा जिला मंत्री रोहित सिंह परमार ने आरोप लगाया है कि निर्माण में भारी अनियमितता बरती गई है, जिससे टाइल्स अभी से उखड़ने लगी हैं. उन्होंने इसे जनता की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ बताते हुए रेलवे प्रशासन से ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई की मांग की है और सुधार न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है.
