गिरिडीह: जनगणना 2027 के प्रथम चरण को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित; मकान सूचीकरण की दी गई जानकारी

गिरिडीह

गिरिडीह. समाहरणालय सभागार में सोमवार को भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण ‘मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना’ (HLO) को लेकर जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. उपायुक्त श्री रामनिवास यादव, उप विकास आयुक्त श्रीमती स्मृता कुमारी और गृह मंत्रालय के संयुक्त निदेशक डॉ. सत्येंद्र कुमार गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया. उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया है, इसलिए डेटा संकलन में पारदर्शिता और शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए ताकि भविष्य की विकास योजनाएं सटीक बन सकें. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बार जनगणना डिजिटल माध्यम से टैबलेट और मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए की जाएगी, जिससे सूचनाओं का संग्रहण तेजी और सटीकता से हो सकेगा.

प्रशिक्षण के दौरान राष्ट्रीय प्रशिक्षक डॉ. सत्येंद्र कुमार गुप्ता और जिला समन्वयक आकाश वाजपेई ने अधिकारियों को जनगणना से संबंधित सभी 34 कॉलम, 33 प्रश्नों की सूची, HLO मोबाइल ऐप और CMMS पोर्टल की तकनीकी बारीकियों की जानकारी दी. इस दौरान ‘स्व-गणना’ (Self Enumeration) पोर्टल के उपयोग और डेटा संग्रह की प्रक्रिया पर भी विस्तार से चर्चा की गई. प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद ये अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के माध्यम से घर-घर जाकर मकानों की सूची तैयार करने और बुनियादी सुविधाओं का विवरण दर्ज करने का कार्य सुनिश्चित करेंगे. कार्यक्रम में जिले के सभी अनुमंडल पदाधिकारी और विभिन्न प्रखंडों के प्रगणक उपस्थित थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *