चतरा. लावालौंग थाना क्षेत्र के नर्सरी के पास सोमवार देर शाम हुए एक भीषण सड़क हादसे में 40 वर्षीय बाइक सवार प्रकाश ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई. महुआडीह गांव के निवासी प्रकाश ठाकुर साप्ताहिक हाट से अपने घर लौट रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार टेंपो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दुर्घटना के बाद टेंपो चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.
सूचना मिलते ही लावालौंग थाना प्रभारी पी. आर. मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने बताया कि आरोपी टेंपो चालक की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. स्थानीय ग्रामीणों ने क्षेत्र में अनियंत्रित रफ्तार पर नाराजगी जाहिर करते हुए दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजे की मांग की है. प्रशासन ने सरकारी प्रावधानों के तहत सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है.
