रामगढ़. श्री श्री रामनवमी पूजा महासमिति के तत्वावधान में मंगलवार को रामगढ़ शहर में भव्य मंगला शोभा यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा. महासमिति के अध्यक्ष राजेश ठाकुर के नेतृत्व में यह यात्रा सिदो-कान्हू जिला मैदान से शुरू होकर चट्टी बाजार, झंडा चौक, गांधी चौक और सुभाष चौक होते हुए फुटबॉल मैदान पहुंचकर संपन्न हुई. पूरा शहर भगवा झंडों और ‘जय श्री राम’ के नारों से गुंजायमान रहा, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया.
शोभा यात्रा का मुख्य आकर्षण श्रीराम दरबार, शिव-पार्वती और वीर हनुमान की जीवंत झांकियां रहीं. इसके साथ ही पारंपरिक छऊ नृत्य और गोरिल्ला वेशभूषा ने लोगों का मन मोह लिया. विभिन्न अखाड़ा समितियों द्वारा चौक-चौराहों पर पारंपरिक अस्त्र-शस्त्रों का हैरतअंगेज प्रदर्शन किया गया. इस भव्य आयोजन में मातृ शक्ति की भी बड़ी भागीदारी देखी गई, जहां महिलाएं और बच्चे ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमते नजर आए.
सांप्रदायिक सौहार्द और सेवा की मिसाल: नगर भ्रमण के दौरान जगह-जगह सामाजिक संगठनों और स्थानीय दुकानदारों द्वारा पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया. मारवाड़ी धर्मशाला, जैन समाज और युवा संघ जैसे संगठनों ने श्रद्धालुओं के लिए शीतल पेयजल, चना-गुड़ और खाद्य पदार्थों की व्यवस्था की. विशेष रूप से सौदागर मुहल्ला के समीप मुस्लिम समाज के लोगों ने महासमिति के पदाधिकारियों का माला पहनाकर स्वागत किया और श्रद्धालुओं के बीच शरबत व बिस्कुट का वितरण कर सांप्रदायिक सौहार्द की अनूठी मिसाल पेश की.
दिग्गज नेताओं की रही मौजूदगी: इस धार्मिक अनुष्ठान में राजनीति और समाज सेवा से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियों ने शिरकत की. इनमें रामगढ़ विधायक ममता देवी, पूर्व सांसद जयंत सिन्हा, पूर्व सांसद यदुनाथ पांडेय, आरएसएस के जिला संचालक शत्रुघन प्रसाद और समाजसेवी निशी पांडे मुख्य रूप से शामिल थे. कार्यक्रम को सफल बनाने में संरक्षक छोटू वर्मा, दीपक मिश्रा और विशाल जायसवाल सहित महासमिति के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सराहनीय योगदान दिया.
