लोहरदगा. जिला अंतर्गत भंडरा-बेड़ो मुख्य पथ पर गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे में दो बाइक सवार युवकों की जान चली गई. घटना कचमच्ची के समीप हुई, जहां एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो (JH 01FC 9853) और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई. मृतकों की पहचान मुड़कती गांव निवासी चंपा उरांव (पिता पुणई उरांव) और शोषण उरांव (पिता मंगरा उरांव) के रूप में की गई है. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
हादसे की सूचना मिलते ही भंडरा थाना प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने तत्काल दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. इस घटना के बाद मुड़कती गांव में मातम पसरा हुआ है.
अन्य समाचार: पेसा नियमावली को लेकर सीओ को सौंपा मांग पत्र कुडू प्रखंड में पारंपरिक स्वशासन पड़हा व्यवस्था के प्रतिनिधियों ने गुरुवार को अंचलाधिकारी (CO) से मुलाकात कर एक मांग पत्र सौंपा. प्रतिनिधियों ने ‘पंचायत उपबंध (अनुसूचित क्षेत्रों पर विस्तार) झारखंड नियमावली 2025-26’ के अधिसूचित होने पर प्रसन्नता व्यक्त की. उन्होंने कहा कि यह नियमावली ग्राम सभाओं को संवैधानिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है. इस अवसर पर बेल विजय उरांव, शंकर टाना भगत और संजीव भगत सहित कई सदस्य उपस्थित थे.
