सरायकेला: कुकड़ू में तीन जंगली हाथियों का झुंड घुसने से दहशत; स्वर्णरेखा नदी किनारे दिखे गजराज

झारखंड

सरायकेला. जिले के कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत तिरुलडीह और बिरडीह इलाके में शनिवार सुबह तीन जंगली हाथियों के झुंड ने दस्तक दी, जिससे ग्रामीणों में हड़कंप मच गया. सुबह करीब 9 बजे हाथियों को स्वर्णरेखा नदी के किनारे विचरण करते देखा गया. जंगल से निकलकर आबादी के करीब पहुंचे हाथियों की जलक्रीड़ा और मूवमेंट को कई लोगों ने अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

हाथियों के तिरुलडीह की ओर बढ़ने की खबर से तटवर्ती गांवों में डर का माहौल है. वन विभाग ने सूचना मिलते ही टीम को अलर्ट कर दिया है और ग्रामीणों से हाथियों के करीब न जाने व उन्हें न उकसाने की सख्त अपील की है. फिलहाल विभाग की टीम हाथियों की लोकेशन पर नजर रख रही है ताकि उन्हें सुरक्षित वापस जंगल की ओर खदेड़ा जा सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *