साहिबगंज: राजमहल-साहिबगंज फोरलेन पर दर्दनाक सड़क हादसा; बाइक की टक्कर से 4 वर्षीय मासूम की मौत

झारखंड

साहिबगंज. राजमहल-साहिबगंज फोरलेन पर बुधवरिया गांव के समीप रविवार सुबह करीब 11:30 बजे एक भीषण सड़क हादसे में चार वर्षीय बालक की जान चली गई। मृतक की पहचान झगड़ू मंडल के पुत्र राजकुमार मंडल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक चालक प्रह्लाद मंडल भी असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया।

इस हृदयविदारक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है। सूचना मिलते ही राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी और इंस्पेक्टर राजीव रंजन ने दल-बल के साथ पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू की। स्थानीय जिला परिषद प्रतिनिधि राजेश मंडल ने भी पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। ग्रामीणों ने फोरलेन पर अनियंत्रित रफ्तार को लेकर आक्रोश व्यक्त किया है और प्रशासन से उचित सुरक्षा इंतजामों की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *