हजारीबाग. विष्णुगढ़ प्रखंड के कुसुंभा में 12 वर्षीय मासूम के साथ हुई दरिंदगी और हत्या के मामले में जेएलकेएम अध्यक्ष जयराम महतो ने कड़ा रुख अपनाया है। शनिवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद उन्होंने प्रशासन को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि आरोपी नहीं पकड़े गए, तो पूरे झारखंड में सड़क से सदन तक आंदोलन होगा।
विधायक ने घटनास्थल का निरीक्षण कर डीएसपी से मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने और दोषियों को फांसी की सजा दिलाने की मांग की। उन्होंने सरकार पर संवेदनहीनता का आरोप लगाते हुए परिवार के लिए सुरक्षा और मुआवजे की मांग भी उठाई। इस दौरान सैकड़ों ग्रामीणों के साथ जेएलकेएम के जिला अध्यक्ष सरयू साव और महासचिव माही पटेल भी मौजूद रहे।
