धनवार. धनवार प्रखंड क्षेत्र की बरजो पंचायत अंतर्गत दूल्हो मौजा स्थित आदर्श कॉलेज के पास रविवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। मारपीट में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए, जिसमें एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से धनवार रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया।क्या है पूरा मामला:
घायल उत्तम सिंह ने बताया कि उसके घर में भतीजी की शादी की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि उसकी जमीन पर जेसीबी मशीन से दुकान तोड़ी जा रही है। मौके पर पहुंचकर जब वह वीडियो बनाने लगा, तो ऋषि ने उसका मोबाइल छीनकर तोड़ दिया। इसके बाद मौजूद लोगों ने लाठी-डंडा और रॉड से हमला कर दिया। घायलों की सूची:
इस झड़प में एक पक्ष के बनगढ़ी निवासी अमर कुमार सिंह (30), उत्तम सिंह (28) व पिंकू कुमार सिंह (33) तथा दूसरे पक्ष के दूल्हो गांव निवासी रतन कुमार सिंह (35) व रणवीर सिंह (15) शामिल हैं। उत्तम की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। उत्तम के अनुसार हमले में ऋषि, लवली कुमारी, रविंद्र भोक्ता, रणवीर सिंह, टुन्नी देवी, सजन सिंह की पत्नी, रतन सिंह, पवन सिंह, पंचानंद राय सहित अन्य कई लोग शामिल थे। शोर सुनकर पहुंचे परिजनों पर भी हमला किया गया, जिससे वे भी घायल हो गए।स्थानीय लोगों ने की मदद:
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को पहले धनवार थाना पहुंचाया, जहां से उन्हें इलाज के लिए धनवार रेफरल अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
