गिरिडीह: स्कूल के प्रिंसिपल ने 14 साल की छात्रा से की शर्मनाक हरकत; आरोपी गिरफ्तार, आक्रोशित लोगों ने की स्कूल बंद करने की मांग

गिरिडीह

गिरिडीह. झारखंड के गिरिडीह जिले से शिक्षा के मंदिर को कलंकित करने वाली एक घटना सामने आई है। जिले के पचंबा थाना क्षेत्र स्थित एक निजी स्कूल के प्रिंसिपल मो. इमामुद्दीन अंसारी पर अपनी ही 14 वर्षीय छात्रा के साथ छेड़छाड़ और अशोभनीय हरकत करने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी प्रिंसिपल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

लंबे समय से कर रहा था प्रताड़ित: पीड़ित छात्रा पचंबा थाना क्षेत्र के ही एक मोहल्ले की रहने वाली है। जानकारी के अनुसार, प्रिंसिपल पिछले कई दिनों से स्कूल में छात्रा के साथ गलत हरकतें और छेड़छाड़ कर रहा था। लोक-लाज और डर के कारण छात्रा काफी समय तक खामोश रही, लेकिन जब आरोपी की हिम्मत बढ़ गई, तो छात्रा का सब्र टूट गया।

पिता से कहा- “अब स्कूल नहीं जाऊंगी”: दो दिन पहले जब प्रिंसिपल ने फिर से बदतमीजी की, तो छात्रा ने घर लौटकर अपने पिता से दो टूक कह दिया कि वह अब उस स्कूल में नहीं जाएगी। पिता के कुरेदने पर उसने आपबीती सुनाई, जिसे सुनकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई।

धमकी से आहत पिता ने दी जान देने की चेतावनी: छात्रा के पिता जब इस मामले की शिकायत लेकर स्कूल पहुंचे, तो प्रिंसिपल ने अपनी गलती मानने के बजाय उन्हें धमकी दी। अपमान और लाचारी से आहत होकर छात्रा के पिता ने समाज के लोगों के बीच यहाँ तक कह दिया कि वे अब जिंदा नहीं रहना चाहते। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और मामले की जानकारी पचंबा थाना पुलिस को दी।

पुलिस की कार्रवाई और जन आक्रोश: पचंबा पुलिस ने त्वरित संज्ञान लेते हुए आरोपी मो. इमामुद्दीन अंसारी को धर दबोचा और न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

  • स्कूल बंदी की मांग: घटना के बाद से स्थानीय लोगों में जबरदस्त गुस्सा है। अभिभावकों और ग्रामीणों ने एकजुट होकर उक्त स्कूल को तुरंत बंद करने की मांग की है ताकि भविष्य में किसी अन्य छात्रा के साथ ऐसी घटना न हो।

पुलिस प्रशासन ने लोगों को शांत रहने और कानून के तहत कड़ी सजा दिलाने का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *