गिरिडीह. गिरिडीह विधानसभा सीट से जेएलकेएम के पूर्व प्रत्याशी और प्रसिद्ध कारोबारी नवीन आनंद चौरसिया का दिल्ली में एक सड़क हादसे के बाद ब्रेन हेमरेज हुआ और उनका निधन हो गया है। उनके अचानक निधन की खबर से पूरे गिरिडीह में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया जाता है कि नवीन आनंद चौरसिया किसी निजी काम से दिल्ली गए थे, जहां यह दुखद दुर्घटना हुई। उनके निधन की खबर मिलते ही उनके पैतृक निवास धरियाडीह में उनके समर्थकों और शुभचिंतकों की भीड़ जुटने लगी है। राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े कई प्रमुख लोगों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
नवीन आनंद चौरसिया ने बीते विधानसभा चुनाव में जेएलकेएम के टिकट पर चुनाव लड़ा था। वह राजनीति के साथ-साथ जमीन कारोबार के क्षेत्र में भी एक जाना-माना नाम थे। उनके निधन से न सिर्फ राजनीतिक जगत बल्कि कारोबारी वर्ग में भी शोक व्याप्त है। उनके समर्थकों और परिचितों को इस अचानक हुई घटना ने स्तब्ध कर दिया है। उनके निधन को गिरिडीह के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है।
