इसरी सड़क हादसे के बाद प्रशासन सख्त, डीसी के आदेश पर एनएच किनारे से हटेगा अतिक्रमण

गिरिडीह

डुमरी चौक से इसरी बाजार तक चला अभियान, सीओ शशिभूषण वर्मा व थाना प्रभारी ने दुकानदारों को दिया खुद हटाने का अल्टीमेटम

गिरिडीह. गिरिडीह जिले के इसरी बाजार में बीते दिनों हुए सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत के बाद गिरिडीह जिला प्रशासन गंभीर हो गया है. उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर पूरे जिले में एनएच किनारे फुटपाथ और सड़क पर अतिक्रमण कर लगाई गई दुकानों को हटाने का अभियान शुरू कर दिया गया है. इसी कड़ी में मंगलवार को डुमरी में डीसी के आदेश पर सड़क किनारे अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया. यह अभियान डुमरी चौक से शुरू होकर इसरी बाजार तक चला. प्रशासन ने दुकानदारों और भवन मालिकों को सड़क किनारे लगाए गए दुकान, ठेला और छज्जा को स्वतः हटाने का निर्देश दिया.
अभियान के दौरान सीओ शशिभूषण वर्मा, डुमरी थाना प्रभारी श्रीकांत कुमार, शैलेंद्र कुमार, गोपाल समेत प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे. प्रखंड अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि अमित महतो भी मौके पर उपस्थित थे. सीओ शशिभूषण वर्मा ने कहा कि डीसी के सख्त निर्देश हैं कि एनएच किनारे किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. अतिक्रमण के कारण ही सड़क हादसे हो रहे हैं. दुकानदारों को माइकिंग कर पहले ही सूचना दी गई है. तय समय में अतिक्रमण नहीं हटाने पर प्रशासन खुद जेसीबी से हटाएगा और जुर्माना भी वसूला जाएगा. उल्लेखनीय है कि इसरी बाजार में हुए हादसे के बाद डीसी रामनिवास यादव ने सभी बीडीओ-सीओ को एनएच किनारे से हाट-बाजार और अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *