झरिया, धनबाद: धनबाद जिले के झरिया स्थित डिग्री कॉलेज जामाडोबा में अराजकता का माहौल देखने को मिला। छात्राओं के साथ छेड़खानी का विरोध करने पर छात्रों के एक गुट ने बाहरी असामाजिक तत्वों के साथ मिलकर कॉलेज परिसर में जमकर बवाल काटा। इस दौरान मारपीट, धक्का-मुक्की और अभद्रता की घटनाएँ हुईं जिससे कॉलेज के छात्र-छात्राओं में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों और छात्रों के अनुसार यह घटना तब शुरू हुई जब कुछ छात्रों ने कॉलेज में कुछ छात्राओं के साथ हो रही छेड़खानी का विरोध किया। इसके बाद छेड़खानी कर रहे छात्रों ने बाहर से कुछ गुंडों को बुला लिया। इन असामाजिक तत्वों ने कॉलेज परिसर में घुसकर विरोध कर रहे छात्रों के साथ मारपीट शुरू कर दी। छात्रों ने आरोप लगाया कि असामाजिक तत्वों ने न केवल मारपीट की, बल्कि हवाई फायरिंग भी की। इस हिंसक झड़प में कॉलेज के प्रिंसिपल और एक छात्र को चोटें आईं।
