गढ़वा: मेराल में तेज आंधी-बारिश के बीच वज्रपात की चपेट में आने से युवक की मौत, परिवार में पसरा मातम

झारखंड

गढ़वा. जिले के मेराल थाना क्षेत्र अंतर्गत बांनाजाघ गांव में शुक्रवार की सुबह तेज आंधी, गरज-चमक और मूसलाधार बारिश के बीच वज्रपात की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान बांनाजाघ गांव निवासी गजाधर सिंह के 35 वर्षीय पुत्र उदय सिंह के रूप में की गई है. जानकारी के अनुसार, उदय सिंह शुक्रवार की सुबह रोज की तरह अपने घर के पास स्थित जंगल क्षेत्र में भैंस चराने के लिए गया हुआ था. इसी दौरान अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और तेज आंधी-तूफान के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई. बारिश से बचने के लिए उदय सिंह पास ही स्थित एक बहेरा के पेड़ के नीचे जाकर खड़ा हो गया, तभी अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली उसी पेड़ पर गिर गई. वज्रपात इतना भीषण था कि पेड़ के नीचे खड़े उदय सिंह गंभीर रूप से झुलस गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही मेराल थाना के एएसआई राजेंद्र कुमार बैठा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया. उदय सिंह अपने परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे, जिससे उनकी मौत के बाद परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल उचित सरकारी मुआवजा देने की मांग की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *