पूरनानगर में रात 1:30 बजे आगजनी से हड़कंप, गरीब की दुकान और कार जलकर राख

गिरिडीह

सीसीटीवी में कैद हुई सनकी की करतूत, ग्रामीणों ने आरोपी बाजो पंडित को पोल से बांधा

गिरिडीह. रात के लगभग 1:30 बजे एक सनकी शख्स की खौफनाक करतूत की वजह से पूरनानगर के झोपड़पट्टी इलाके में अफरा-तफरी मच गई. रात के अंधेरे में एक गरीब की सब्जी की दुकान को आग के हवाले कर दिया गया. आग इतनी भयानक थी कि उसने देखते ही देखते बगल में खड़ी अर्जुन पंडित की कार को भी अपनी चपेट में ले लिया. पल भर में एक गरीब की रोजी-रोटी उजड़ गई और अर्जुन पंडित की लाखों की गाड़ी जलकर कबाड़ हो गई. सुबह जब गाड़ी मालिक अर्जुन पंडित ने अपने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे को चेक किया तब इस पूरी साजिश का लाइव खुलासा हुआ. कैमरे में साफ देखा जा सकता है कि पूरनानगर गांव का ही रहने वाला बाजो पंडित रात के अंधेरे में इस आगजनी की वारदात को अंजाम दे रहा है. जैसे ही सुबह सीसीटीवी फुटेज से अपराधी की पहचान हुई, ग्रामीणों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. ग्रामीणों ने सुबह-सुबह आरोपी बाजो पंडित को पकड़ा, उसे घसीटते हुए लाए और बिजली के पोल से बांध दिया. मौके पर भारी भीड़ जुट गई और जमकर हंगामा हुआ. स्थानीय लोगों के मुताबिक, 40 वर्षीय आरोपी बाजो पंडित ने दो शादियां की हैं लेकिन कोई भी बीवी उसके साथ नहीं रहती. हाल ही में उसकी मां भी उसे छोड़कर चली गई है और वह घर में बिल्कुल अकेला रहता है. ग्रामीणों का कहना है कि यह शख्स थोड़ा मानसिक रूप से बीमार चल रहा है. इस आरोपी का इतिहास पहले से ही दागदार रहा है. आज से कुछ महीने पहले पूरनानगर ग्राम पंचायत के राम मंदिर की दान पेटी को भी इसी बाजो पंडित ने चुराया था, जिसके खिलाफ मुफस्सिल थाने में बकायदा आवेदन भी दिया गया था. फिलहाल, सुबह की इस घटना के बाद मुफस्सिल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी बाजो पंडित को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाया और उसे अपने हवाले यानी हिरासत में लेकर थाने ले गई है. अब देखना यह है कि मुफस्सिल थाना पुलिस इस पूरे मामले पर आगे क्या कार्रवाई करती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *