पीरटांड़ में नवविवाहिता की हत्या का 12 घंटे में उद्भेदन, पति गिरफ्तार

गिरिडीह

संदेह के कारण गला घोंटकर की हत्या, शव को हरकटवा नाला में फेंका

गिरिडीह. पीरटांड़ थाना क्षेत्र के हरकटवा नाला में 5 जुलाई 2026 को मिली नवविवाहिता के सड़े-गले शव के मामले का पुलिस ने 12 घंटे के भीतर उद्भेदन कर दिया है. पुलिस ने मृतका के पति मुन्नाल किस्कू को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. पुलिस के मुताबिक 5 जुलाई को पीरटांड़ थाना कांड संख्या 23/26 बीएनएस की धारा 103(1)/238(a)/3(5) दर्ज की गई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गिरिडीह डॉ. विमल कुमार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डुमरी आबीद खान के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया. एसआईटी की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी मुन्नाल किस्कू ने बताया कि उसका विवाह 09.03.2026 को पड़ोस के गांव भावनपुर निवासी स्व. शिवलाल मुर्मू की बेटी से प्रेम प्रसंग के बाद हुआ था. विवाह के बाद से उसे संदेह था कि उसकी पत्नी किसी अन्य लड़के से बात करती है. 28.06.2025 को घटना के दिन जब मृतका अपने मोबाइल पर किसी अन्य युवक से बात कर रही थी, तो आरोपी को गुस्सा आ गया. आवेश में आकर उसने गला घोंटकर हत्या कर दी. लाश छिपाने के लिए शव को हरकटवा नाला में फेंक दिया और ऊपर से घास डाल दिया. इसके बाद वह घर आकर सामान्य व्यवहार करने लगा. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना स्थल की पहचान की और वहां से मृतिका का एक जोड़ा गुलाबी रंग का चप्पल भी बरामद किया. पुलिस ने आरोपी के पास से ओपो कंपनी का क्रीम रंग का मोबाइल फ़ोन, मृतक का एक जोड़ा गुलाबी रंग का चप्पल बरामद किया है. छापामारी दल में डुमरी के एसडीपीओ आबीद खान, पीरटांड थाना प्रभारी जितेन्द्र कुमार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *