गिरिडीह. पचंबा थाना पुलिस ने जमीन-मकान बेचने के नाम पर 1 करोड़ 69 लाख 67 हजार रुपये की कथित ठगी करने के आरोपी अनूप कुमार राय को जमुआ थाना क्षेत्र के टीकामघा से उसकी कार समेत गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया. आरोपी के खिलाफ झारखंड समेत कई राज्यों में धोखाधड़ी के 40 से अधिक मामले दर्ज हैं.
जानकारी के अनुसार, कृष्णानगर निवासी राजीव रंजन और उनके तीन साथियों ने मकतपुर बरगंडा में एक जमीन और मकान खरीदने का सौदा किया था. 19 जून 2022 को 2 करोड़ 25 लाख में एग्रीमेंट हुआ और अलग-अलग किस्तों में 1 करोड़ 69 लाख से अधिक आरोपी को दिए गए.
ठगी का चौंकाने वाला तरीका यह था कि आरोपी ने संपत्ति पर अधिकार साबित करने के लिए 10 दिसंबर 1976 की रजिस्टर्ड वसीयत पेश की. जब दस्तावेजों की जांच हुई तो पता चला कि अनूप राय का जन्म 22 जुलाई 1978 को हुआ था यानी वसीयत उसके जन्म से डेढ़ साल पहले की थी. इसके अलावा जिस संपत्ति का सौदा किया गया उसका एग्रीमेंट पहले ही रामदेव सिंह के साथ हो चुका था.
पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और अन्य संलिप्त लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी.
