सिमडेगा. प्रखंड के बांकी इलाके में पिछले पांच दिनों से दो जंगली हाथियों के डेरा जमाए रखने से ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है. हाथियों के लगातार गांव के आसपास घूमने से लोग डर के साये में जीने को मजबूर हैं. शाम ढलते ही हाथियों के हमले की आशंका से ग्रामीणों की चिंता बढ़ जाती है.
ग्रामीण का घर क्षतिग्रस्त, बढ़ी दहशत
बांकी किरण नगर में एक जंगली हाथी ने वेलेंटाइन नामक ग्रामीण के घर को क्षतिग्रस्त कर दिया. घर टूटने की इस घटना के बाद आसपास के इलाकों में डर और गहरा गया है. हाथी कभी भी आबादी वाले इलाके में घुस आ रहे हैं, जिससे लोग पूरी रात जागकर बिता रहे हैं.
टोली बनाकर रात भर पहरा दे रहे ग्रामीण
हाथियों के संभावित हमले से बचाव के लिए ग्रामीणों ने आपस में समूह (टोलियां) बना लिए हैं, जो रातभर गांव में गश्त कर निगरानी कर रहे हैं. हाथी के गांव की ओर रुख करते ही लोगों को तुरंत सतर्क किया जा रहा है. ग्रामीणों को सबसे ज्यादा चिंता बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर है.
वन विभाग से हाथियों को खदेड़ने व मुआवजे की मांग
हाथियों द्वारा घर तोड़े जाने की घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से तुरंत कड़े कदम उठाने की गुहार लगाई है. ग्रामीणों ने मांग की है कि:
-
हाथियों को आबादी वाले क्षेत्र से खदेड़कर सुरक्षित जंगल की ओर भेजा जाए.
-
प्रभावित ग्रामीण वेलेंटाइन के नुकसान का त्वरित आकलन कर पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए.
