गिरिडीह. आजादी के आंदोलन के दौरान राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के गिरिडीह जिले के खरगडीहा में आगमन की ऐतिहासिक घटना के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सोमवार को भव्य शताब्दी समारोह का आयोजन किया गया। बताया गया कि महात्मा गांधी 1925 में आज ही के दिन खरगडीहा आए थे और यहां एक जनसभा को भी संबोधित किया था। इस ऐतिहासिक क्षण की याद में, न केवल भव्य कार्यक्रम आयोजित किए गए, बल्कि एक पदयात्रा भी निकाली गई जिसमें गिरिडीह जिला प्रशासन, स्थानीय जनप्रतिनिधि और आम जनता ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। पदयात्रा का नेतृत्व मुख्य रूप से गिरिडीह के डीसी रामनिवास यादव ने किया। उनके साथ जेएमएम जिलाध्यक्ष संजय सिंह समेत सैकड़ों की संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और आम जनता शामिल हुए। पदयात्रा के दौरान सभी ने महात्मा गांधी को श्रद्धा सुमन अर्पित किए और उनके आदर्शों को याद किया। शताब्दी समारोह के अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में गांधीजी के जीवन, उनके संघर्ष और देश की आजादी में उनके योगदान पर प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने उनके विचारों को आत्मसात करने और उनके दिखाए रास्ते पर चलने का आह्वान किया। इस मौके पर जिले के कई गणमान्य व्यक्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और इस आयोजन को सफल बनाया।
