चतरा. हंटरगंज में अज्ञात वाहन ने नाइट गार्ड को रौंदा, ड्यूटी से घर लौटते समय हुआ हादसा, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

झारखंड

चतरा. झारखंड के चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत घंघरी में शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में 50 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गई. मृतक की पहचान हीरिंग गांव निवासी संजय सिंह के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, संजय सिंह चतरा के नवनिर्मित आईटीआई (ITI) कॉलेज में नाइट गार्ड के पद पर कार्यरत थे. शनिवार सुबह करीब 4:50 बजे जब वे अपनी नाइट ड्यूटी पूरी कर बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे, तभी घंघरी देवी मंडप के पास एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि संजय सिंह की मौके पर ही मौत हो गई.

हादसे के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया. स्थानीय ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग और इलाके में बेलगाम वाहनों की रफ्तार पर अंकुश लगाने की मांग को लेकर करीब दो घंटे तक मुख्य सड़क को जाम कर दिया. जाम की सूचना मिलते ही हंटरगंज प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) निखिल गौरव कमान कच्छप और अंचल अधिकारी (CO) ऋतिक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधान के तहत उचित मुआवजा देने का भरोसा दिलाया, जिसके बाद जाम हटाया गया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और फरार अज्ञात वाहन की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *