अमरावती. आंध्र प्रदेश में एक हृदयविदारक सड़क हादसे में 14 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 23 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना उस समय हुई जब एक प्राइवेट बस की टक्कर बजरी से भरे ट्रक से हो गई, जिसके तुरंत बाद बस में भीषण आग लग गई. न्यूज़ एजेंसी पीटीआई द्वारा जारी वीडियो में देखा जा सकता है कि राहत और बचाव टीमें मौके पर मुस्तैद हैं और धधकती आग को बुझाने के साथ-साथ बस में फंसे लोगों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है. स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीमें युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं.
मार्कापुरम के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) नागराजू ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि यात्रियों को संभलने का मौका नहीं मिला और कई लोग बस के भीतर ही फंस गए. शुरुआती जानकारी के अनुसार, करीब 8 लोगों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई थी, लेकिन बाद में मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 14 तक पहुंच गया. घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कुछ की स्थिति नाजुक बनी हुई है. पुलिस अधिकारियों को आशंका है कि बस के मलबे में अभी भी कुछ शव फंसे हो सकते हैं, जिन्हें निकालने की प्रक्रिया जारी है.
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस भीषण दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए. मुख्यमंत्री ने हादसे की उच्च स्तरीय जांच के आदेश देते हुए अधिकारियों से जल्द से जल्द विस्तृत रिपोर्ट तलब की है. फिलहाल, पुलिस मृतकों की पहचान करने और उनके परिजनों से संपर्क साधने की कोशिश कर रही है ताकि शवों को कानूनी प्रक्रिया के बाद सौंपा जा सके.
