गिरिडीह. गावां थाना क्षेत्र के पिहरा पूर्वी पंचायत के मानपुर चौक में चोरी करते एक व्यक्ति को ग्रामीणों ने रंगेहाथ पकड़ लिया. आक्रोशित ग्रामीणों ने पहले उसकी जमकर पिटाई की और फिर उसे खंभे से बांध दिया. सूचना मिलने पर गावां थाना पुलिस घटनास्थल पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया. पकड़े गए व्यक्ति की पहचान पिहरा के कुर्वातरी निवासी सहायक अध्यापक रंजीत यादव के रूप में हुई है. ग्रामीणों के अनुसार आरोपी मानपुर चौक के पास स्थित दिलीप साव की दुकान का ताला तोड़ने का प्रयास कर रहा था. दिलीप साव अपने पूरे परिवार के साथ दुकान के ऊपर दूसरी मंजिल में रहते हैं. रात करीब 12 बजे ताला तोड़े जाने की आवाज सुनकर जब परिजन नीचे आए तो आरोपी भागने लगा, लेकिन ग्रामीणों के सहयोग से उसे खदेड़कर पकड़ लिया और घर के बाहर खंभे में बांध दिया. सूचना पर पुलिस सुबह पहुंची और उसे मुक्त कराया. आरोपी के पास से सबल और रेंच जैसे औजार बरामद किए गए हैं. फिलहाल गावां थाना पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है.
