रांची. रांची के धुर्वा स्थित मौसीबाड़ी से लापता हुए दो बच्चे अंश और अंशिका के मामले को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक सक्रियता देखने को मिल रही है. इस मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी महानगर इकाई की ओर से मंगलवार को रांची में एसएसपी कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन किया गया. मौके पर पार्टी विधायक सीपी सिंह, नवीन जायसवाल, महानगर अध्यक्ष वरुण साहू समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ताओं ने लापता हुए दोनों बच्चों के सकुशल वापसी के लिए प्रशासन के समक्ष दबाव बनाया. इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत में विधायक सीपी सिंह और नवीन जयसवाल ने कहा की पिछले 2 जनवरी से लापता हुए दोनों बच्चों को ढूंढने में अब तक प्रशासन विफल साबित हुई है. उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण में लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन का काम विधि व्यवस्था बनाए रखना है लेकिन झारखंड में पुलिस प्रशासन सिर्फ उगाही करने में लगी रहती है.
