झारखंड. झारखंड में होने वाले नगर निकाय चुनाव को लेकर रांची पुलिस हाई अलर्ट पर है। इसी मुस्तैदी के चलते रातू थाना क्षेत्र के कटहल मोड़ (चौरा टांगरा) चेक पोस्ट पर पुलिस ने एक नीली बलेनो कार (JH01EZ-3498) से नौ लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
चेक पोस्ट पर तैनात एएसआई अरुण अकेला को वाहन पर संदेह हुआ, जिसके बाद तलाशी के दौरान यह राशि मिली। वाहन में सवार व्यक्ति ने खुद को आभूषण दुकान का संचालक बताया, लेकिन वह मौके पर नकदी से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या संतोषजनक प्रमाण पेश नहीं कर सका। चुनाव आचार संहिता और सुरक्षा को देखते हुए मौके पर मौजूद मजिस्ट्रेट ने तुरंत इसकी सूचना आयकर विभाग को दी। पुलिस ने पूरी राशि जब्त कर ली है और अब इस बात की गहन जांच की जा रही है कि क्या इस पैसे का इस्तेमाल चुनाव को प्रभावित करने के लिए किया जाना था।
