चक्रधरपुर. झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 में चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ चुके समाजसेवी डॉ विजय सिंह गागराई ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है. उन्होंने शुक्रवार को रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में औपचारिक रूप से पार्टी जॉइन की. उनके साथ कई समर्थकों ने भी पार्टी की सदस्यता ली. इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी मौजूद थे. दोनों नेताओं ने डॉ विजय सिंह गागराई को पार्टी का अंग वस्त्र पहनाकर और रसीद देकर भाजपा में शामिल कराया. डॉ विजय सिंह गागराई खरसावां से झामुमो विधायक दशरथ गागराई के छोटे भाई हैं. बताया जा रहा है कि यह कदम चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष पद के चुनाव को ध्यान में रखकर उठाया जा रहा है. चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष का पद अनुसूचित जनजाति (अन्य) के लिए आरक्षित है. ऐसे में भाजपा इस सीट से एक मजबूत आदिवासी चेहरे की तलाश में थी. ऐसी संभावना है कि विजय सिंह गागराई चुनावी मैदान में भाजपा समर्थित उम्मीदवार के रूप में उतारे जा सकते हैं. विजय सिंह गागराई ने विधानसभा चुनाव-2024 में झामुमो प्रत्याशी नहीं बनाये जाने के बाद उन्होंने चक्रधरपुर विधानसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था. जहां वे तीसरे स्थान पर रहे थे. चुनाव में मिले जनसमर्थन के बाद से ही वे स्थानीय राजनीति में एक प्रभावशाली चेहरा माने जा रहे हैं. देखना दिलचस्प होगा कि झामुमो इस सीट से किसे समर्थन देता है.
