गिरिडीह : डुमरी–गिरिडीह रोड पर जामतारा के पास मंगलवार देर रात एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन (JH05T 2613) से चार मवेशी बरामद किए गए, जिनमें से दो मवेशियों की दम घुटने से मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय ग्रामीणों को सड़क किनारे खड़े वाहन पर शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। जब पुलिस ने वाहन की जांच की, तो मवेशियों को अमानवीय तरीके से ठूंसा हुआ पाया गया। पुलिस ने वाहन जब्त कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में गो तस्करी की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय युवाओं आकाश रंगरेज और हनी सिन्हा ने पुलिस को समय रहते घटना की जानकारी दी और घटना की रिपोर्ट दर्ज करवाई। भाजपा नेता सुरेंद्र कुमार ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। यह घटना एक बार फिर पशु तस्करी और अमानवीय तरीके से जानवरों के परिवहन की गंभीर समस्या की ओर ध्यान खींचती है।
