अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद नहर में गिरे बाइक सवार साला-बहनोई, दोनों की मौके पर ही मौत

नेशनल

बांका. बिहार के बांका जिले के बेलहर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें बाइक सवार दो लोगों की जान चली गई। मृतकों की पहचान सुरा गांव निवासी विलास यादव और बदला गांव निवासी त्रिवेणी यादव के रूप में हुई है, जो रिश्ते में साला-बहनोई थे। दोनों बुधवार शाम एक रिश्तेदार के यहाँ निमंत्रण में गए थे और गुरुवार सुबह वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान सुराही और वीरना गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क किनारे स्थित करीब 10 फीट गहरी नहर में जा गिरे।

नहर में पानी और गहराई अधिक होने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में यह मामला ‘हिट एंड रन’ का लग रहा है। इस हादसे के बाद से दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में शोक की लहर है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए जांच में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *