गिरिडीह. गिरिडीह जिले के बिरनी थाना क्षेत्र अंतर्गत करमाटांड़ के पास एक व्यक्ति (भोला राणा) का शव संदिग्ध अवस्था में चुटी राय के क्रशर स्थित तालाब से बरामद किया गया। मृतक के परिजनों ने सीमेंट दुकान संचालक प्रेमचंद साव पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार, भोला राणा सुबह अपनी ड्यूटी पर दुकान गए थे, लेकिन दोपहर में उनका शव तालाब में मिला। परिजनों का दावा है कि जब वे जानकारी लेने दुकान पहुंचे, तो संचालक दुकान बंद कर भाग निकला, जिससे हत्या का संदेह गहरा गया है।
घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने बरहमसिया-कोवाड़ मुख्य मार्ग को शव रखकर जाम कर दिया और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी आकाश भारद्वाज ने उचित जांच और पोस्टमार्टम के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम हटाया गया। फिलहाल पुलिस ने परिजनों से आवेदन मांगा है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। मौके पर कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
