जमशेदपुर. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का जमशेदपुर दौरा शुक्रवार को एक बेहद भावुक और यादगार क्षण का गवाह बना। बारीडीह स्थित मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज में कार्यक्रम संपन्न करने के बाद, राष्ट्रपति ने सुरक्षा प्रोटोकॉल की परवाह न करते हुए अचानक अपना काफिला रुकवा दिया। सड़क किनारे तिरंगा लेकर खड़े बच्चों और महिलाओं के उत्साह को देख राष्ट्रपति गाड़ी से उतरकर पैदल ही उनके बीच पहुंच गईं। उन्होंने लगभग 150 कदम तक पैदल चलकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और बच्चों को चॉकलेट बांटी। राष्ट्रपति के इस सरल और सहज व्यवहार ने वहां मौजूद लोगों का दिल जीत लिया। इससे पहले उन्होंने श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र के भूमि पूजन में हिस्सा लिया और मेडिकल कॉलेज के छात्रों के साथ संवाद किया।
