बीते 13 दिनों से हो रही थी तलाश
रांची. रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र के मौसीबाड़ी मल्लार कोचा से लापता हुए मासूम भाई-बहन को रांची पुलिस ने 13 दिन बाद सकुशल बरामद कर लिया है. 2 जनवरी को 7 साल का अंश कुमार अपनी 6 साल की बहन अंशिका कुमारी के साथ घर से दुकान जाने के दौरान लापता हो गया था. घटना के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. वहीं पुलिस के लिए भी यह मामला चुनौती बन गया था. बच्चों की तलाश में रांची पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी. पहले जानकारी देने वाले के लिए 51 हजार रुपए इनाम की घोषणा की गई थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 2 लाख रुपए कर दिया गया. पुलिस ने बच्चों की तस्वीर के साथ पोस्टर जारी कर आम लोगों से सहयोग की अपील भी की थी. मिली जानकारी के अनुसार एसएसपी राकेश रंजन के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम को आखिरकार बड़ी सफलता हाथ लगी. पुलिस ने दोनों लापता बच्चों को रामगढ़ जिले के चितरपुर इलाके से सकुशल बरामद कर लिया. इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार भी किया है.
