चक्रधरपुर. चक्रधरपुर रेल मंडल ने मंगलवार देर रात हाथियों की जान बचाने के लिए एक बेहद संवेदनशील और बड़ा फैसला लिया. हावड़ा-मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर भालूलता-जरायकेला रेलखंड के महपानी गेट के पास पांच हाथियों का झुंड ट्रैक पर आ गया था. सूचना मिलते ही रेलवे ने मुंबई मेल और हावड़ा मेल समेत कई ट्रेनों को करीब आधे घंटे तक पूरी तरह रोक दिया. इसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर करीब चार घंटे तक ट्रेनों को महज 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलाया गया. पेट्रोलमैन की सतर्कता और रेलवे की त्वरित कार्रवाई से एक नन्हे हाथी समेत पूरे झुंड की जान बच गई. घटना के बाद से रेलकर्मी सुरक्षा को लेकर अलर्ट पर हैं और इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है.
