साहिबगंज. झारखंड के साहिबगंज जिले के राजमहल में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मटियाल स्थित शिव मंदिर से 101 कन्याओं की भव्य कलश यात्रा निकाली गई. इस धार्मिक आयोजन में भक्ति के साथ-साथ चुनावी रंग भी देखने को मिला, जहां नगर पंचायत चुनाव के विभिन्न प्रत्याशी जनता के बीच अपनी पैठ बनाने के लिए शामिल हुए. कांग्रेस समर्थित अध्यक्ष पद की प्रत्याशी भावना गुप्ता और भाजपा समर्थित माधवी लता मंडल ने कलश यात्रा में हिस्सा लेकर श्रद्धालुओं का अभिवादन किया. इसके अलावा वार्ड संख्या 11 के प्रत्याशी भी इस शोभायात्रा का हिस्सा बने. गाजे-बाजे और “हर-हर महादेव” के जयकारों के साथ निकली यह यात्रा नगर भ्रमण के बाद वापस मंदिर पहुंची, जहां विधि-विधान से जलाभिषेक किया गया. स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा का विषय रहा कि चुनाव के इस दौर में प्रत्याशियों के लिए भोलेनाथ की यह यात्रा एक बड़ा सहारा बनी है.
