धनबाद: धनबाद उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर नगर निकाय चुनाव के नामांकन को लेकर समाहरणालय के मेन गेट व मुख्य प्रवेश द्वार पर सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था की गई थी. दोनों स्थानों पर दंडाधिकारी के साथ पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे. बुधवार को नामांकन के अंतिम दिन प्रत्याशियों में खासा उत्साह देखने को मिला. सुबह 10 बजे से ही प्रत्याशी समाहरणालय पहुंचने लग थे. सभी उम्मीदवारों को कतारबद्ध तरीके से समाहरणालय में प्रवेश कराया गया. मुख्य प्रवेश द्वार से केवल महापौर और वार्ड पार्षद प्रत्याशी के साथ चार व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति दी गयी थी.
अंतिम दिन नगर निकाय चुनाव में महापौर पद के लिए दो महिला प्रत्याशियों सहित कुल 15 प्रत्याशियों ने निर्वाची पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता विनोद कुमार, सहायक निर्वाची पदाधिकारी बाल किशोर महतो और सहायक निर्वाची पदाधिकारी विशाल कुमार पांडेय के समक्ष नामांकन दाखिल किया. सभी अपने समर्थकों के साथ नामांकन करने पहुंचे थे.
समाहरणालय के ग्राउंड फ्लोर पर प्रत्याशियों के लिए नामांकन पत्र भरने के लिए डेस्क की व्यवस्था की गई थी. इससे पहले सुरक्षा कर्मियों ने समाहरणालय में प्रवेश से पहले प्रत्याशियों की जांच की. इस दौरान वीडियोग्राफी भी कराई गई. नामांकन दाखिल करने के बाद कई प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ सेल्फी लेते नजर आए, वहीं समाहरणालय के मुख्य गेट के बाहर बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे.
